UPSTF की बड़ी कार्रवाई, बरामद किए 334 प्रतिबंधित तोते

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बुधवार को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने वाराणसी रेलवे स्टेशन से एक बड़े वन्यजीव तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में आरोपी के पास से 334 प्रतिबंधित तोते बरामद किए गए, जिन्हें वह बंगाल में बेचने के फिराक में था।

कैसे सफल हुई यह कारवाई

मुखबिरों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बुधवार को UPSTF की टीम को यह जानकारी मिली कि वाराणसी रेलवे स्टेशन पर एक यात्री वन्यजीव तस्करी को अंजाम देने की फिराक में बंगाल के लिए रवाना होने वाला है।

जानकारी मिलते ही UPSTF‌ की टीम जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त मदद से वाराणसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चेकिंग शुरू कर देते हैं। चेकिंग के दौरान वे रंगेहाथ एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार करते हैं, जिसके पास से 334 प्रतिबंधित तोते बरामद किए गए।

2000 में बेचता था एक तोता

आरोपी की पहचान बंगाल के बर्धमान जिले का निवासी मोहम्मद जाहिद के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह इन तोतों को उत्तर प्रदेश से 150 से 200 रुपए में खरीदता है, जिन्हें वह बंगाल में ले जाकर 2000 मे बेच देता है, जिससे उसे इसमें 10 गुना अधिक मुनाफा मिलता है। इससे पहले वह कई बार ऐसी घटना को अंजाम दे चुका। इस बार भी वह इसी फिराक में था, लेकिन UPSTF की टीम ने उसे धर दबोचा।

अन्य सदस्यों की तलाश जारी

आरोपी ने यह भी जानकारी दी कि वह एक बड़े वन्यजीव तस्कर गिरोह का हिस्सा है, जिसमें कुछ अन्य और लोग भी शामिल हैं, जिसके बाद UPSTF की टीम गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुट गई। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही बरामद किए गए तोतों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की तैयारी की जा रही है।

Author Profile

MB Luwang
MB Luwang
Forest and Environmental reporter at The ForestTimes.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top